अम्बिकापुर / छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग द्वारा पर्यटन विभाग के सहयोग से छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में योग और नेचुरोपैथी का बड़ा केंद्र आरंभ किया जा रहा है। ये जानकारी आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सरगुजा जिले में आयोजित प्रेस वार्ता में दी है। ऐसे में आगामी 21 जून से संबंधित ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सुबह और शाम योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
संजय अग्रवाल ने ने कहा कि नेचुरोपैथी सेंटर में देश के विशेषज्ञ प्राकृतिक चिकित्सकों द्वारा न्यूनतम शुल्क पर जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल से देश की प्राचीन इलाज पद्धति को पुनर्स्थापित करने में भी मदद मिलेगी। इस दौरान अंबिकापुर में आयोजित योग सत्संग में शामिल होने पहुंचे राज्य योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना बनाकर उसे अमल में लाया जा रहा है। भारत का पहला योग आयोग बनाने का श्रेय उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार को दिया है।
राज्य योग आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि योग आयोग के गठन के बाद प्रदेश के सभी 146 विकासखंडों के लिए कुल 972 मुख्य योग प्रशिक्षक तैयार कर लिए गए हैं। इन योग प्रशिक्षकों के माध्यम से हर पंचायत से 4-4 लोगों को सहयोगी शिक्षक के रूप में तैयार करने के लिए 5 दिन का गैर आवासीय प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
इस तरह प्रदेश के करीब 11 हजार ग्राम पंचायतों में से 72 प्रतिशत पंचायतों में योग का प्रशिक्षण देने के लिए सहयोगी शिक्षक तैयार कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां योग की शिक्षा दी जाएगी, उसे योग वाटिका का नाम दिया जा रहा है।
