कोरिया / मनेंद्रगढ़ से लगे चैनपुर के तलाब में डूबने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि एक महिला अपने बेटा व बेटी को लेकर गांव से लगे सेमरिया तालाब में नहाने गई थी। वह तालाब में बनी सीढिय़ों पर कपड़े धोने लगी, जबकि बच्चे पानी में नहाने उतर गए। इस दौरान गहराई में चले जाने से वे डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख मां ने भी पानी में छलांग लगा दी और वह भी गहरे पानी में डूब गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा पश्चात शवों को पीएम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।
आपको बता दे कि मनेंद्रगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत चैनपुर के मछुआडांड़ निवासी सुनीता बाघ पति विनोद बाघ अपने बेटे विकास 12 वर्ष, बेटी बबीता 9 वर्ष तथा अन्य परिजनों के साथ रविवार की सुबह करीब 11.30 बजे गांव से लगे सेमरिया तालाब में नहाने गई थी। इसी बीच महिला कपड़े धोने लगी और बच्चे सीढिय़ों से होते हुए पानी में नहाने चले गए। इसी बीच बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर मां ने देखा तो वे गहरे पानी में चले गए थे। आनन-फानन में महिला ने भी बच्चों को बचाने तालाब में कूद पड़ी। बच्चों को खोजते हुए जैसे ही मां पानी के भीतर पहुंची वह भी गहराई के कारण डूबने लगी। यह देख वहां नहा रही उसकी जेठानी कुंती ने सुनीता को बचाने का प्रयास किया लेकिन महिला व उसके दोनों बच्चे डूब चुके थे। कुंती भी गहरे पानी की ओर जाने लगी थी लेकिन एक ग्रामीण ने उसे किसी तरह बचा लिया।
इसकी सूचना तत्काल गांव में पहुंची। सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना थाने में दे दी।
सूचना मिलते ही थाना के एसआई बीडी सिदार, एएसआई ओपी दुबे, दीप तिवारी, अजय नेताम, संजय पांडेय, राजकुमार सेन, सुनील कुजूर मौके पर पहुंचे।
उन्होंने स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला व बच्चों के शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा पश्चात शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

