बलरामपुर से सुनील ठाकुर / छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर नक्सलियों द्वारा अगवा और आगजनी वारदात के 6 दिन बाद भी सब इंजीनियर और एक मुंशी को नक्सलियों के चंगुल से नहीं छुड़ाया जा सका हैं। नक्सलियों से परिजन लगातार उन्हें छोड़ देने की अपील कर रहे हैं।
आपको बता दें कि नक्सलियों ने पिछले 28 अप्रैल को सड़क निर्माण का विरोध करते हुए निर्माण में लगे करोड़ों रुपये के पांच वाहनों को आग के हवाले कर सब इंजीनियर और दो मुंशी को अगवा कर लिया था। हालांकि बाद में उन्होंने राजपुर निवासी एक मुंशी राजू गुप्ता को अपनी फरमान भेज कर छोड़ दिया था, पर सब इंजीनियर पेत्रुस डुंगडुंग और मुंशी शंकरबिहारी आज भी नक्सलियों के चंगुल में फसें हैं।
हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि नक्सली क्या चाहते हैं। वहीं पुलिस दोनों के सुरक्षित होने का दावा कर रही है। पुलिस के आला अधिकारी फिरौती के लिए वारदात को अंजाम दिए जाने की बात कह रहे हैं।
इधर सब इंजीनियर पेत्रुस डुंगडुंग और मुंशी शंकर बिहारी के परिजन परेशान है। परिजन लगातार उन्हें नक्सलियों से छोड़ने की अपील भी कर रहे हैं।
