कोरिया बैकुंठपुर / राज्य सरकार द्वारा श्रम मंत्री श्री भैयालाल राजवाड़े के प्रयास के बाद छात्रों को बहुत बड़ी सौगात मिली है, छात्रों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर छात्रों में हर्ष का माहौल व्याप्त है, सभी ने इस निर्णय का स्वागत किया है और श्रम मंत्री सहित राज्य शासन के प्रति आभार जताया है।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने बताया कि छात्र हितों को लेकर पिछले दिनों उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय को अवगत कराया था और इसी वर्ष नए संकाय शुरू करने की बात कही थी जिसके बाद 10 दिनों के भीतर ही उन्होंने नए संकाय प्रारंभ करने की स्वीकृति दे दी। इस आशय का आदेश भी उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 3 अगस्त को जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के तहत राज्य शासन द्वारा पीजी कॉलेज बैकुंठपुर में एमए हिंदी,राजनीति शास्त्र, एमएमसी वनस्पति शास्त्र संकाय की नियमित कक्षाएं प्रारंभ करने और सभी मे 30-30 सीट और 1-1 प्राध्यापक पद की स्वीकृति दी गई है। इसी प्रकार इस महाविद्यालय में यूजी के लिए भूगोल विषय की पढ़ाई भी अब छात्र नियमित रूप से कर सकेंगे इसकी भी स्वीकृति दी गई है यूजी भूगोल हेतु 40 सीट, 1 सहायक प्राध्यापक, 1 प्रयोगशाला तकनीशियन और 1 प्रयोगशाला परिचारक पद की स्वीकृति दी गई है।
इसी प्रकार पटना कॉलेज के लिए एमए इतिहास और राजनीति शास्त्र संकाय प्रारंभ करने सहित 30-30 सीट और 1-1 प्राध्यापक पदों की स्वीकृति दी गई है।
उक्त संकाय प्रारंभ करने को लेकर छात्रों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी,कई छात्रों को इन संकायों की पढ़ाई के लिए बाहर भी जाना पड़ता था लेकिन श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े के विशेष प्रयास पर राज्य शासन द्वारा इसकी स्वीकृति छात्रों के हित मे दी गई है।
इस निर्णय से छात्र जगत में खुशी की लहर व्याप्त है। वही इस बारे में श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि शिक्षा के लिए वे सदैव प्रयत्नशील रहे हैं उनके कार्यकाल में ही बैकुंठपुर क्षेत्र में अनेक हाई स्कूल, हायर सेकेंड्री स्कूल खोले गए। गर्ल्स कॉलेज, पटना महाविद्यालय, कृषि महाविद्यालय, पालीटेक्निक, आईटीआई, लाइवलीहुड कॉलेज खोले गए जिससे कि आज लोगो को लाभ हो रहा है। आगे भी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए वे प्रयास करते रहेंगे।
