Advertisement Carousel

चैनपुर-साजा पहाड़ के मध्य बंद कर दिया गया सड़क निर्माण शीघ्र पूर्ण करे, अधिवक्ता ने जांच के लिए लोनिवि मंत्री को लिखा पत्र

कोरिया चिरमिरी / क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता विजय प्रकाश पटेल ने छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री ताम्रध्वज साहू को पत्र प्रेषित कर माह सितम्बर 2018 को प्रारंभ होकर पूरी तरह से बंद कर दी गई मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी के मध्य चैनपुर-साजा पहाड़ के बीच निर्माणाधीन पांच किलोमीटर की सड़क का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराए जाने की मांग की है।

श्री पटेल ने पत्र में उल्लेखित किया है कि लोक निर्माण विभाग मनेन्द्रगढ़ में पदस्थ संबंधित महिला उपयंत्री एवं ठेकेदार द्वारा उपराक्त सड़क निर्माण कार्य से मुँह फेर लेने के कारण इस रास्ते से यात्रा करना विगत् नौ माह से दूभर और जी का जंजाल बन चुका है। मनेन्द्रगढ़ से चिरमिरी के मध्य अत्यधिक यातायात को सुगम बनाने हेतु इस मार्ग पर कार्य प्रारंभ किया गया था, किंतु पूरी सड़क को खोदकर अव्यवस्थित तौर पर बिखरे गिट्टियों, खड्ढों और उड़ती हुई धूल ने नागरिकों का जीना दुश्वार कर दिया है, क्योंकि आए दिन दुपहिया वाहनों के फिसल जाने से लोग दुर्घटनाग्रस्त और चोटिल हो रहे हैं जिसकी विभाग को कोई परवाह नहीं है। उन्होंने बताया कि सड़क चैड़ीकरण और मजबूतीकरण का यह कार्य अनुबंध क्रमांक 14ध्डी.एल.ध्2018-19 के तहत् प्रारंभ कर पूरी सड़क को खोदकर और गिट्टियों को बिखराकर सत्यानाश कर डाला गया है, क्योंकि जब कार्य को पूरा ही नहीं करना था तो उसे प्रारंभ ही क्यों किया गया था?

एक ओर निर्माण कार्य स्थल पर नहीं जाने वाली उक्त महिला उपयंत्री के दस दिनों से लगातार कार्यालय में नहीं आने के कारण उनसे चर्चा नहीं हो पा रही है, जबकि उनकी नियमित हाजरी दर्ज हो रही है। दूसरी ओर संबंधित ठेकेदार से सम्पर्क करने पर उन्होंने उक्त निर्माण कार्य को रोकने संबंधी दिनाँक 25ध्02ध्2019 को उनके द्वारा पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रेषित पत्र की प्रतिलिपि उपलब्ध कराते हुए चैंकाने वाली जानकारी दी गई है, जिसके अनुसार संबंधित उक्त महिला उपयंत्री द्वारा भारी कमीशन की मांग के पूरी नहीं किए जाने के कारण बिल का भुगतान अटका कर ठेकेदार को परेशान करने सहित नाना प्रकार की धमकियों से उन्हें भयभीत कर देने के कारण कार्य की प्रगति बाधित हो गई है। चूंकि उक्त महिला उपयंत्री के चाचा लोक निर्माण विभाग रायपुर में चीफ इंजीनियर हैं, जिनके बल पर पूरे विभागीय कार्यों में उनकी धौंस बरकरार है। दूसरे राज्य बिजुरी (मप्र) में निवास करते हुए शासन के नियमों के विरूद्ध श्रीमती त्रिपाठी पिछले दस वर्षों से एक ही स्थान मनेन्द्रगढ़ (छग) में पदस्थ रहते हुए अपनी कारगुजारियों का संचालन कर रही हैं।

श्री पटेल ने उपरोक्त मामले की सूक्ष्म जांच कराते हुए पीडब्ल्यूडी के मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित विभाग के प्रमुख सचिव, प्रमुख अभियंता रायपुर, मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता अम्बिकापुर को पत्र की प्रतिलिपि प्रेषित कर अनुबंध अनुसार माह अगस्त 2019 तक उपरोक्त सड़क निर्माण कार्य को पूर्ण कराए जाने सहित दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किए जाने की मांग की है साथ ही उन्होंने लिखा है कि उनके इस पत्र को वैधानिक सूचना समझा जाए और इस जोखिम भरे अव्यवस्थित सड़क पर यदि कोई भी हादसा होता है तो उसके लिए उपयंत्री श्रीमती सविता त्रिपाठी एवं ठेकेदार केशव पोद्दार सहित लोक निर्माण विभाग का उपरोक्त सम्पूर्ण अमला जिम्मेदार होगा।

error: Content is protected !!