इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एनडीए का नेता चुना गया. उनके नाम का प्रस्ताव अकाली दल के मुखिया प्रकाश सिंह बादल ने किया. उनके इस प्रस्ताव का समर्थन जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, एलजेपी प्रमुख रामविलास पासवान, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीसामी, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियो रियो, मेघालय के सीएम काेनार्ड संगमा ने किया.
संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ये चुनाव पूरे विश्व के लिए एक अजूबे की तरह था. हमें मिले प्रचंड जनादेश ने जिम्मेदारी बढ़ा दी है. देश की जनता सेवाभाव स्वीकार करती है. अहंकार यहां स्वीकार नहीं किया जाता है. भारत का मतदाता सत्ताभाव स्वीकार नहीं करता. जनता ने हमें किसी पार्टी के कारण नहीं सेवाभाव के कारण चुना है. पीएम मोदी ने कहा, आपने मुझे आज चुना है. ये एक व्यवस्था का हिस्सा है. मैं भी आपमें से एक हूं. हमें कंधे से कंधा मिलाकर चलना है. सभी सांसदों के साथ साथ और बराबर चलना है. मैं साथियों के विश्वास पर जरूर खरा उतरूंगा. मोदी ने कहा – आमतौर पर चुनाव बांटते हैं. दूरियां बढ़ाते हैं. लेकिन 2019 के चुनाव में ऐसा नहीं है. इस चुनाव ने दीवारों को गिराने का काम किया है. इस बार देश भागीदार बना है. जितना हमने सरकार को चलाया, देश को बढ़ाया है, उससे ज्यादा देश की जनता ने देश को आगे बढ़ाया है. हर पांच साल में एंटी इन्कंबेंसी होती है, लेकिन जब विश्वास मजबूत हो, प्रो इनकंबेंसी होती है. ये देश परिश्रम की पूजा करता है, यही इसकी पवित्रता है. इसे आगे बढ़ाना लेकर आगे चलना हमारी जिम्मेदारी है. जनता ने हमें इतना बड़ा आदेश दिया है. सीना चौड़ा हो जाता है. लेकिन हमें बदले की भावना नहीं रखना है. हमें सभी का विकास करना है, जो हमारे समर्थन में हैं या नहीं हैं. इसलिए मेरा सांसदों से निवेदन है कि हमारा कोई पराया नहीं है. 2014 में जितने वोट मिले, 2019 में उससे ज्यादा वोट मिले. मेरे जीवन के कई पड़ाव रहे, इसलिए मैं इन चीजों को भली-भांति समझता हूं, मैंने इतने चुनाव देखे, हार-जीत सब देखे, लेकिन मैं कह सकता हूं कि मेरे जीवन में 2019 का चुनाव एक प्रकार की तीर्थयात्रा थी. 2014 में भाजपा को जितने वोट मिले और 2019 में जो वोट मिले, उनमें जो वृद्धि हुई है, यह वृद्धि करीब-करीब 25 प्रतिशत है.
बीजेपी संसदीय दल और एनडीए का नेता चुने जाने के बाद सभी बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा एनडीए के दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी, प्रकाश सिंह बादल और मुरली मनोहर जोशी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया.
स्वागत के बाद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बीजेपी और एनडीए दल के सांसदों और नेताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा, इस चुनाव में जनता ने परिवार, तुष्टिकरण को नकारा है. मैंने पूरे देश का दौरा किया है, इस चुनाव में नरेंद्र मोदी के नाम की सुनामी थी. इसीलिए सभी ने सिर्फ एक आदमी को चुनाव है, वह हैं नरेंद्र मोदी.
बता दें कि नरेंद्र मोदी को पहले ही एनडीए का नेता घोषित किया जा चुका है. संसदीय दल की बैठक के बाद रात 8 बजे नरेंद्र मोदी सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. एनडीए सांसदों की बैठक संसद के सेंट्रल हॉल में शाम 5 बजे होगी.
बैठक में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी समेत एनडीए के कई बड़े नेता पहुंच चुके हैं. अभिनेता से नेता बने सनी देओल, किरण खेर, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके गढ़ अमेठी में हराने वाली स्मृति ईरानी भी बैठक में मौजूद हैं. इसके साथ ही एनडीए के घटक दलों के जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, एलजेपी के मुखिया रामविलास पासवान आदि मौजूद हैं.
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी 303 सीटें जीत चुकी है और एनडीए गठगबंधन को 350 सीटें हासिल हुई है.
