राजनांदगांव / कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने जिले में संचालित चूना-पत्थर खदानों और के्रशरों की व्यापक जांच के लिए टीम बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। श्री मौर्य ने आज राजनांदगांव तहसील के नवागांव और जोरातराई में संचालित या स्थापित खदानों और क्रेशर के आकस्मिक निरीक्षण में व्यापक अनियमितता पाए जाने पर अधिकारियों को पूरे जिले में अभियान चलाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री मौर्य ने खदानों और के्रशरों में मजदूरों के सुरक्षा के उपायों, वृक्षारोपण, खनन सुरक्षा के वैधानिक प्रावधानों के बारे में विशेष रूप से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मौके पर वृृक्षारोपण, नियोजित मजदूरों के स्वास्थ्य सुरक्षा के उपाय और खदानों में विवरण पट्टिका नहीं लगी थी। इसी तरह खदानों और क्रेशर से उत्पादित और भेजे गए खनिजों का रजिस्टर भी संधारित नहीं होना पाया गया। मजदूरों को दी जाने वाली मजदूरी के संबंध में भी कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। खदानों एवं क्रेशरों में पानी का छिड़काव तथा धूल और डस्ट रोके जाने के संबंध में भी व्यवस्थागत कमी पाई गई। खान सुरक्षा के वैधानिक व्यवस्था के संबंध में भी अनियमितता पाई गई। खदानों में पिल्लर भी नहीं लगे थे। स्टाक किए गए खनिज चूना-पत्थर के वैध दस्तावेज, उत्खनन योजना, नक्शा, प्लान आदि की भी जानकारी नहीं मिली।
कलेक्टर श्री मौर्य के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा खदान एवं क्रेशर के संचालकों और प्रतिनिधियों अटल गोडवानी, दौलत सिंह चंदेल, दीपक शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, भागीरथी चक्रधारी, संतोष लोहानी, प्रवीण जैन, एसएसडी इंटरप्राईजेस, शिवलाल चक्रधारी, ओंम मिनरल्स, जितेन्द्र हासवानी, सुश्री लीलावती हासवानी, श्री महेश लोहानी, नारायण लोहानी, देवलाल साहू को नोटिस जारी किया गया।
कलेक्टर श्री मौर्य ने डुमरडीह कला, देवडोंगर, चवेली, धवरढाल, ठेलकाडीह, अर्जुनी, कलकसा, बल्देवपुर, पचपेड़ी में स्वीकृत खदानों और क्रेशर की जांच कर 4 दिन में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। श्री मौर्य ने सभी खदानों और क्रेशरों सेे दो वर्षों के बिजली बिल की कापी भी लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए। ताकि खदानों और क्रेशरों में उत्पादित और भेजे गए मटेरियल का परीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे, सहायक खनिज अधिकारी एसडी भारतद्वाज, जनपद पंचायत राजनांदगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश चंद्राकर, खनिज निरीक्षक बब्लू पाण्डेय सहित खनिज विभाग की टीम मौजूद थी।


