Advertisement Carousel

कर्तव्य के साथ ही सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर मिसाल पेश कर रहे हैं, चिखली पुलिस

राजनांदगांव / कोविड-19 के साथ जंग में हमें अपने घरों में सुरक्षित रख कर खुद सड़क पर हमारी सलामती के लिए खड़े पुलिस के जवानों का मानवीय चेहरा वीपदा की इस स्थिति में दोहरी जिम्मेदारी निभाता नजर आ रहा है। एक ओर लॉक-डाउन में पुलिस के जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर जरूरतमंदों की मदद कर मानवता का परिचय भी दे रहे हैं।

राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा के सहयोग से शहर के चिखली पुलिस चौकी के प्रभारी ज़हीर अहमद और उनकी टीम कुछ इसी तरह के मानवीय कार्य में जुटी हुई है। लॉक -डाउन में कई लोगों के पास रोजगार की समस्या है , जिसकी वजह से उन्हें दो वक्त का भोजन जुटाने में दिक्कत हो रही है। ऐसे समय में राजनांदगांव पुलिस जरूरतमंदों की मदद के लिए जुटी हुए हैं। चिखली पुलिस चौकी प्रभारी को जहां भी जरूरतमंद की सूचना मिलती है वे उस तक राशन पहुंचा कर मदद कर रहे हैं। चिखली चौकी की पुलिस अपने राहत के पिटारे में चावल, दाल, पोहा, अचार, नमकीन के पैकेट हर उस जरूरतमंद तक पहुंचा रहे हैं, जिन्हें अपनी जीविका चलाने के लिए समस्या हो रही है। चिखली पुलिस चौकी से अब तक 500 से अधिक परिवारों तक राशन पहुंचाया है। वहीं अभी भी यह सिलसिला जारी है। चौक-चौराहा पर हमारे भले के लिए सख्ती करते पुलिस को बहुत से लोगों ने देखा है लेकिन पुलिस के इस मानवीय चेहरे को देखने वाले लोग पुलिस विभाग की सराहना करते नहीं थक रहे हैं। अपने कर्तव्यों के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करने वाली राजनांदगांव पुलिस ने कोरोना की जंग के साथी जरूरतमंदों के दिलों को भी जीता है।

error: Content is protected !!