बायो-बबल जोन में खेलेंगे खिलाड़ी
रायपुर / छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर झीरमघाटी में शहीद नेताओं की स्मृति में प्रदेश के कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (खेलकूद प्रकोष्ठ) के द्वारा अविनाश ग्रुप और शासन के सहयोग से “छत्तीसगढ़ टी-20 कप” क्रिकेट प्रतियोगिता शहीद वीर नारायण सिंह अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर, रघुराज क्रिकेट स्टेडियम बिलासपुर एवं सेक्टर 1 क्रिकेट स्टेडियम भिलाई में आयोजित कराई जा रही है। खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण जैन ने राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि छत्तीसगढ के इतिहास में पहली बार किसी संस्था द्वारा प्रदेश की प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रदेश के सभी 28 जिलों में टेलेंट हंट कैम्प लगाया, जिसमें 4 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया, सभी जिलों में जिला स्तरीय टीमें बनाई गई, जिनका जिला व संभाग स्तर पर विभिन्न मुकाबला कराकर उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तर पर गठित 8 टीम सरगुजा डिवीजन, बिलासपुर डिवीजन, रायपुर कैपिटल, रायपुर डिवीजन, भिलाई सिटी, दुर्ग डिवीजन, राजनांदगांव सिटी और बस्तर डिवीजन में विभाजित किया गया है। ये टीमें 09 से 23 जनवरी 2022 तक दिन रात्रि के मुकाबलों में छत्तीसगढ़ टी-20 कप क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 32 मैच खेलेंगी। सभी खिलाड़ियों को 2 जनवरी से फिटनेस कैम्प व 6 जनवरी को रायपुर में कोविड टेस्ट कराकर कोरेन्टीन कर बायो बबल जोन में शासन की गाइडलाइंस का पालन करते हुए टुर्नामेंट कराया जायेगा, टुर्नामेंट खेलने वाले सभी खिलाड़ियों का वेक्सीनेशन पूरा हो चुका है।
ज्ञात हो पूर्व में इस प्रतियोगिता का नाम छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग सीपीएल टी20 रखा गया था तथा टीम फ्रेंचाइजी बनाकर खिलाड़ियों की नीलामी भी की गई थी किंतु इस प्रक्रिया से बीसीसीआई की आपत्ति के बाद खिलाड़ियों के हित में फैसला करते हुए पुरानी सभी प्रक्रिया को निरस्त कर क्रिकेट संघ की सभी आपत्तियों का निराकरण कर टूर्नामेंट को नया स्वरूप दिया गया है, अब यह प्रतियोगिता झीरमघाटी शहीद नेताओं की स्मृति में ‘अविनाश छत्तीसगढ़ टी20 कप’ के नाम से कराई जा रही है।
प्रवीण जैन ने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के नवोदित खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी तथा इस तरह की प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए लगातार कराई जायेगी, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारा जा सके।
प्रवीण जैन ने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से मांग करते हुए कहा है कि प्रदेश को अपना प्रीमियर लीग देने का काम उन्हें शीघ्र करना चाहिए ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को भी आईपीएल सहित राष्ट्रीय टीम में खेलने का अवसर प्राप्त हो सके।
