राजनांदगांव / बीते दिनों राजनांदगांव शहर के पंचशील नगर में एक पटवारी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने और चांदी के जेवरात बरामद किए गए है। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस चोरी के मामले का खुलासा किया है।
बीते 28 फरवरी की मध्य रात्रि राजनांदगांव शहर के ममता नगर क्षेत्र के पंचशील नगर में पटवारी शकुंतला वर्मा के सूने मकान में अज्ञात आरोपियों ने घर के दरवाजे का ताला तोड़कर घर के भीतर रखे अलमारी से सोने और चांदी के जेवरातों की चोरी कर ली थी। इस मामले की रिपोर्ट के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी। आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की थी, जिसमें थाना कोतवाली और थाना बसंतपुर सहित साइबर सेल के पुलिस जवानों को शामिल किया गया था। इस दौरान पुलिस को आरोपियों के द्वारा चोरी में उपयोग किए गए कार के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। आरोपियों की तलाश में सूचना के आधार पर पुलिस टीम मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुंची। सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त हुलिए के अनुसार पुलिस ने बालाघाट क्षेत्र में आरोपियों की तलाश शुरू की और एक संदिग्ध व्यक्ति विकास सोनी की पतासाजी कर उससे पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन दोस्तों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से राजनांदगांव जाकर इस चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पकड़े गए आरोपियों से पंचशील नगर में हुई चोरी के सोने और चांदी सहित आरोपियों के द्वारा पूर्व में किए गए चोरी के 60 ग्राम सोना भी बरामद किया गया है।
ममता नगर क्षेत्र के पंचशील नगर निवासी शकुंतला वर्मा के घर अप्रैल माह में बेटी की शादी थी, जिसके लिए उन्होंने सोने और चांदी के गहने बनवा रखे थे। बालाघाट से पहुंचे इन चोरों ने बेटी की शादी के लिए बनाए गए इन गहनों की चोरी कर ली थी। पुलिस टीम की सक्रियता से आरोपियों के द्वारा चुराए गए 33 तोला सोना और 700 ग्राम चांदी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने इस चोरी के मामले में बालाघाट निवासी विकास सोनी, इस्माइल खान, साजिद खान और अनुराग मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से कुल 39 तोला सोना और 716 ग्राम चांदी बरामद की गई है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी पहले भी रायपुर, दुर्ग, भंडारा, गोंदिया और बालाघाट में लगभग 2 दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
पटवारी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार
