Advertisement Carousel

भाजपा ने पूर्व विधायक कोमल जंघेल को बनाया प्रत्याशी, खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में जबरदस्त होगी टक्कर

राजनांदगांव / खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर काफी मंथन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन दाखिले की अंतिम तिथि से 1 दिन पूर्व आज अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व विधायक कोमल जंघेल को प्रत्याशी बनाया है।

खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त होने के चलते यहां भारतीय जनता पार्टी के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा करने में वक्त लग रहा था। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने यशोदा वर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया, इससे माना जा रहा था कि भारतीय जनता पार्टी भी जातीय समीकरण को देखते हुए अपना प्रत्याशी मैदान में उतार सकती है। नामांकन दाखिले के 1 दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने अपने पूर्व विधायक व पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल को खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कोमल जंघेल ने अपने वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया है और कहा है कि प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी का मुद्दा लेकर वे खैरागढ़ की जनता के बीच जाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी से प्रत्याशी घोषित होने के बाद कोमल जंघेल प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष खूबचंद पारख और जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव के साथ नामांकन फॉर्म लेने पहुंचे। कोमल जंघेल को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कहा है कि हमारे कार्यकर्ता इस चुनावी लड़ाई को लड़ने में सक्षम है, पिछले 3 वर्षों में खैरागढ़ के विकास के लिए प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार ने काम नहीं किया। जिला भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस चुनाव को हम आसानी से जीतेंगे।

भारतीय जनता पार्टी यहां जाति समीकरण को देखते हुए कोमल जंघेल को अपना प्रत्याशी बनाया है। वर्ष 2018 के विधानसभा आम चुनाव में खैरागढ़ से भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल जनता कांग्रेस-जे के प्रत्याशी देवव्रत सिंह से 870 मतों से शिकस्त खाकर दूसरे क्रम पर रहे थे। वहीं यहां कांग्रेस तीसरे स्थान पर थी। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चुनाव के आंकड़ों और जातीय समीकरण को मद्देनजर रखते हुए कोमल जंघेल को अपना प्रत्याशी बनाया है।

error: Content is protected !!