सरगुजा दौरे पर पहुंचे पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है. कहा कि साढ़े तीन साल में कांग्रेस के दो शीर्ष नेताओं के झगड़े में सरगुजा युद्ध भूमि बना हुआ है. इन दोनों नेताओं में चल रही इस लड़ाई का भुक्तभोगी कोई है तो वह सरगुजा संभाग है. डॉ रमन सिंह ने आईएएस-आईपीएस अधिकारियों को लेकर बड़ा बयान दिया है. डॉ रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लूट का राज चल रहा है. आईपीएल मैच की तरह आईएएस आईपीएस अधिकारियों का छत्तीसगढ़ में ऑक्शन होता है. कोरबा रायगढ़ के कलेक्टरों का सबसे ज्यादा बोली लगती है.
एक दिवसीय सरगुजा दौरे पर पहुंचे रमन सिंह ने अलग-अलग मुद्दों पर अपनी बात कही. कहा कि प्रदेश में लूट का राज चल रहा है. यहां से बाहर जाने वाले कोयले पर प्रति टन 25 रुपए टैक्स लिया जा रहा है. पूरे देश में ऐसा टैक्स लेने की परंपरा कही नहीं हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया के गिरोह है. जहां कलेक्टर और SP का भी IPL की तरह ऑक्शन किया जा रहा है. आरोप लगाया कि माफिया को संरक्षण देने वालों को पोस्टिंग दी जा रही है.
बता दें कि इधर रायपुर में आईएएस-आईपीएस अफसरों की कॉन्क्लेव की तैयारी चल रही है. आईएएस कॉन्क्लेव 14 अप्रैल से 16 अप्रैल तक चलेगा. तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में सभी आईएएस अधिकारी शामिल होंगे. 15 अप्रैल की दोपहर मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा. IAS एसोसिएशन की तरफ से आईएएस अफसरों को इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने बाबत अनुमति मांगी गई थी, जिसे लेकर GAD ने अनुमति पत्र जारी कर दिया है.
डॉ रमन सिंह ने कोरिया में खैरागढ़ उप चुनाव को लेकर भी अहम बयान दिया है. डॉ रमन सिंह ने कहा कि भूपेश की झूठी घोषणाएं से जनता थक चुकी है. मुख्यमंत्री आठ दिनों तक रहे घोषणा पर घोषणा कर रहे हैं. कंबल ट्रको में पकड़ाए. शराब-साड़ी बांटी. जीत की हिम्मत है तो इस तरह का कृत्य करने की जरूरत क्या थी. भाजपा के विधायकों को रोकने का षड्यंत्र भी किया गया. उन्हें बूथ के अंदर नहीं जाने दिया गया. जिससे बूथ में की जा रही गड़बड़ी कहीं पकड़ी न जाए. जनता हमारे पक्ष में मतदान भी कर रही है कहा कि खैरागढ़ उपचुनाव अच्छे से जीतेंगे. कांग्रेस के झूठे वादे काम नहीं आएंगे.
