Advertisement Carousel

900 रुपए से घटकर 225 रुपए हुई कोवोवैक्स टीके की कीमत

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने मंगलवार को कोवोवैक्स टीके की कीमत में भारी कटौती की है। एसआईआई ने हर खुराक की कीमत 900 रुपए से घटाकर 225 रुपए कर दी है। इसमें टैक्स शामिल नहीं है। 12-17 वर्ष की आयु के बच्चों के कोविड-19 टीकाकरण के लिए कोवोवैक्स को कोविन पोर्टल पर सोमवार को ही शामिल किया गया है।

टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह की सिफारिश के बाद सोमवार को पोर्टल पर वैक्सीन विकल्प के प्रावधान को शामिल किया गया था। मंगलवार को सरकार और एसआईआई में नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने सरकार को सूचित किया है कि फर्म प्रत्येक खुराक की कीमत 900 रुपए से घटाकर 225 रुपए कर रही है। इसमें निजी अस्पतालों के लिए जीएसटी अलग से जुड़ेगा। इसके अलावा एक निजी अस्पताल सेवा शुल्क के रूप में 150 रुपए तक ले सकता है।

कोवोवैक्स टीके की कीमत को कोविन पोर्टल पर संशोधित किया गया है। भारत के दवा नियामक ने पिछले साल 28 दिसंबर को वयस्कों के लिए और 9 मार्च को 12-17 आयु वर्ग में आपातकालीन स्थितियों में इसके सीमित उपयोग के लिए मंजूरी दी थी। वर्तमान में 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों को बायोलॉजिकल ई के कॉर्बेवैक्स का टीका लगाया जाता है, जबकि 15-18 आयु वर्ग के बच्चों को सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर भारत बायोटेक का कोवाक्सिन मुफ्त में दिया जा रहा है। निजी केंद्रों पर कोवाक्सीन की एक खुराक की कीमत जीएसटी सहित 386 रुपए है, जबकि कॉर्बेवैक्स की कीमत 990 रुपए है।

error: Content is protected !!