रायपुर / मुख्यमंत्री और मंत्रियों के प्रदेश के दौरे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने निशाना साधा है। मीडिया से चर्चा में डा रमन ने कहा कि साढ़े तीन साल में ही सरकार का यह हाल हो गया है कि एक की यात्रा का मुंह उत्तर और दूसरे की यात्रा का मुंह दक्षिण हो गया है। 30 बिंदुओं पर हम भी विकास यात्रा और ग्राम सुराज यात्रा निकाला करते थे।
अब जो यात्रा हो रहा है, उसमें तीन हेलीकाप्टर के साथ मन पसंद और चमचमाते गद्दे रखे हैं। रेड कार्पेट बिछा हुआ है, यह कैसी यात्रा है? हेलीकाप्टर में बैठी सरकार की सोच भी हवाई है। बच्चो को 10 मिनट हेलीकाप्टर में बैठाने से उनके जीवन में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं आएगा।
डा रमन ने कहा कि विधायकों का नहीं, बल्कि सरकार का परफार्मेंस ही खराब है। सर्वे में आया है कि पूरा सफाया होने वाला है, इसलिए इस तरह की यात्रा सरकार का परफार्मेंस सुधारने की कवायद है। डा रमन ने कहा कि हम सरकार के कामकाज की समीक्षा कर रहें हैं, गोठान देख रहें हैं। जनता वर्तमान सरकार और पुरानी सरकार के काम जान रही है, सबका जवाब आएगा।
