रायपुर / भारतीय जनता पार्टी एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचीं। इस दौरान उनका रायपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। वो राष्ट्रपति चुनाव में अपने लिए समर्थन मांगने आई थीं।
द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के दौरान ओडिशा के पारंपरिक डांस के अलावा CG पंथी डांस कर रहे कलाकारों ने ध्यान आकर्षित किया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर स्वागत है भाई स्वागत है मुर्मू जी का स्वागत है नारे गूंजते रहे, एयरपोर्ट पर ही एक छोटा मंच बनाया गया था। जिस पर चढ़कर द्रौपदी मुर्मू ने बड़ी तादाद में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं का अभिवादन किया। इसके बाद वह रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थल के लिए रवाना हुईं।

उसके बाद एक प्राइवेट होटल में भाजपा के तमाम विधायक सांसद पहुंचे हुए थे। केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी मौजूद रहे। फूल और शॉल देकर मुर्मू का यहां स्वागत सम्मान किया गया। करीब 1 से डेढ़ घंटे के दौरान द्रौपदी मुर्मू सिर्फ मुस्कुराती और हाथ जोड़ती ही नजर आईं।
होटल में आयोजित कार्यक्रम में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के नेता अमित जोगी, विधायक रेणु जोगी, धर्मजीत सिंह और प्रमोद शर्मा पहुंचे। बीएसपी के दो विधायक भी यहां द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने आए ।
छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ द्रौपदी मुर्मू ने बंद कमरे में बैठक की। इस बैठक में उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना समर्थन मांगा। प्रदेश के नेताओं ने भी उन्हें भरपूर सहयोग करने का आश्वासन दिया। कुछ देर हुई चर्चा के बाद द्रौपदी मुर्मू होटल के कमरे से निकलीं और चुपचाप ही बिना किसी से सार्वजनिक बातचीत किए भोपाल जाने के लिए एयरपोर्ट चली गईं।
