Advertisement Carousel

40 लोगों से भरी पिकअप पलटी:महिला समेत 2 की मौत, 15 की हालत गंभीर…

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी के ग्राम सोनपुरी में एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं 38 लोग घायल हो गए है, जिसमें से 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जाता है कि ये सभी पिकअप वाहन में सवार होकर बेटी के ससुराल चौथिया के लिए जा रहे थे।

बता दें कि ग्राम सोनपुरी में रहने वाले रामायण भानू की बेटी की शादी 2 दिन पहले मटियाडांड में रहने वाले युवक से हुई है। परिवार के लोग चौथिया के लिए पिकअप में सवार होकर बेटी के ससुराल मटियाडांड जा रहे थे। पिकअप में परिवार की महिलाएं सहित 40 लोग सवार थे। पिकअप के ड्राइवर ने गांव से निकलते ही गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। गांव से निकलकर तालाब के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गई।

पिकअप सड़क से उतरकर पलट गई। इससे पिकअप सवार कुछ लोग गाड़ी के नीचे दब गए। वहीं ज्यादातर लोग दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना देने के साथ ही रेस्क्यू का काम शुरू किया। इस हादसे में एक महिला व एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

error: Content is protected !!