Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव से पहले वार्डों का होगा परिसीमन, राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को जारी किया आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद अब नगरीय निकाय चुनाव होने वाली है। चुनाव से पहले सभी नगरीय निकायों में वार्डों का आबादी के हिसाब से परिसीमन किया जाएगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों के नाम वार्डों के परिसीमन करने का आदेश जारी किया है। इस आदेश में वार्डों के परिसीमन के लिए जरुरी दिशा निर्देश दिए गए है।

जारी आदेश में कहा गया है कि जनगणना निदेशालय द्वारा जनगणना 2011 के जनसंख्या संबंधी आंकड़ो के अनुसार प्रत्येक वार्डो की जनसंख्या में हुई वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए नये सिरे से वार्डो का परिसीमन किया जाएगा। परिसीमन के बाद वार्ड आरक्षण की कवायद  होगी। शासन ने सभी कलेक्टरों को नगरीय निकायों के वार्डो के परिसीमन की कार्यवाही यथाशीघ्र सम्पन्न करने को कहा है, ताकि नगरीय निकाय चुनावों की समय-सीमा से पहले मतदाता सूची आदि तैयार किया जा सके।

बता दें छत्तीसगढ़ में इस वर्ष नवंबर-दिसंबर महीने में नगरीय निकाय चुनाव होना है। प्रदेश के 33 जिलों में कुल 184 नगरीय निकाय है। जिसमे 14 नगरपालिक निगम एवं 48 नगरपालिका परिषद और 122 नगर पंचायत है। रायपुर नगर निगम में जनसंख्या के आधार पर यहां कुल वार्डों की संख्या 70 है।

error: Content is protected !!