Advertisement Carousel

एनआईए की बड़ी कार्रवाई: कांकेर में चार और गिरफ्तार, अब तक 11 लोग हिरासत में

कांकेर। आमाबेड़ा थाना क्षेत्र में सेना के जवान मोतीराम आंचला की हत्या के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

शनिवार को एनआईए की टीम ने कांकेर जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान तीन कांग्रेस नेताओं—बड़ेतेवड़ा के सुरेश सलाम, ऊशेली के रघुवीर जैन और ऊपर कामता के अर्जुन कुरेटी को हिरासत में लिया गया। छापेमारी के दौरान टीम को कई अहम सुराग मिले हैं। बरामद सामान में एयर गन, मोबाइल फोन, प्रिंटर, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, डीवीआर, मोटरसाइकिल, आपत्तिजनक नक्सली दस्तावेज और 66,500 रुपये नकद शामिल हैं।

हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी एनआईए

23 सितंबर 2023 को ऊशेली के मुर्गा बाजार में जवान मोतीराम आंचला की हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच कर रही एनआईए पहले भी दो बार दबिश दे चुकी है।

इससे पहले की गई छापेमारी में नक्सल प्रभावित आमाबेड़ा इलाके में एक पत्रकार और कांग्रेस नेता के घर पर भी दबिश दी गई थी। हालांकि, वे उस समय रायपुर में थे, जिससे उनसे पूछताछ नहीं हो पाई। उनके घर से कंप्यूटर, कैमरा और अन्य सामग्री जब्त की गई थी, जिसमें नक्सलियों द्वारा दी गई जान से मारने की धमकी से जुड़े दस्तावेज भी मिले थे।

क्षेत्र में दहशत, नक्सली नेटवर्क की तलाश जारी

एनआईए की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। एजेंसी नक्सली नेटवर्क से जुड़े सभी तार खंगाल रही है। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। कांकेर एसपी ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

error: Content is protected !!