रायपुर। थाना माना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
कैसे दिया गया लूट को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, 3 मार्च की रात 10:30 बजे हरीश अग्रवाल नामक व्यक्ति एस.एन. फ्यूल्स से अपने घर समता कॉलोनी जा रहे थे। कमल विहार चौक के पास ब्रेकर के करीब पहुंचते ही दोपहिया वाहन सवार दो लोगों ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। जब वे बातचीत करने के लिए अपनी कार से नीचे उतरे, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए उसका मोबाइल तोड़ दिया और जेब में रखे नगदी रकम लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी से पकड़ में आए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना माना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। साथ ही मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपी
- बलराज मानिकपुरी उर्फ सन्नी (41 वर्ष), निवासी श्याम नगर, रायपुर
- लोकेश यादव उर्फ लल्ला (28 वर्ष), निवासी श्याम नगर, रायपुर
- कलदीप सिंह उर्फ मोन्टू (35 वर्ष), निवासी श्याम नगर, रायपुर
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दो बाइक और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना माना प्रभारी निरीक्षक भावेश गौतम, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
