Advertisement Carousel

बागी को बधाई देना पड़ा भारी, मंत्री लखनलाल देवांगन को भाजपा ने थमाया नोटिस

कोरबा। छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को कोरबा नगर निगम के सभापति चुनाव में भाजपा के बागी उम्मीदवार नूतन सिंह ठाकुर को बधाई देना भारी पड़ गया। भाजपा ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए मंत्री देवांगन को कारण बताओ नोटिस जारी कर 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।

दरअसल, नूतन सिंह ठाकुर ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल को हराकर सभापति पद पर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में नूतन सिंह ठाकुर को 33 मत, हितानंद अग्रवाल को 18 मत, और निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रहमान को 16 मत मिले थे। भाजपा से बगावत कर चुनाव जीतने के कारण पार्टी ने नूतन सिंह ठाकुर को 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।

मंत्री देवांगन ने दी थी बधाई, बताया भाजपा की जीत

मंत्री लखनलाल देवांगन ने नूतन सिंह ठाकुर को जीत की बधाई देते हुए इसे भाजपा की जीत बताया था। उन्होंने कहा था कि “नूतन सिंह ठाकुर ने नगर निगम सभापति चुनाव में जीत हासिल की है। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।” उन्होंने आगे कहा था कि “हितानंद अग्रवाल पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी थे, लेकिन निर्वाचित पार्षदों ने सर्वसम्मति से नूतन सिंह ठाकुर को विजयी बनाया।”

मंत्री देवांगन ने यह भी कहा था कि अब कोरबा नगर निगम में महापौर और सभापति दोनों भाजपा के पास हैं, जिससे कोरबा के विकास को गति मिलेगी।

भाजपा ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

मंत्री देवांगन के इस बयान को भाजपा ने गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी नेतृत्व ने उनसे 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। भाजपा का मानना है कि नूतन सिंह ठाकुर को पार्टी से निष्कासित करने के बावजूद मंत्री देवांगन का समर्थन अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्या मंत्री लखनलाल देवांगन अपनी बात पर कायम रहेंगे या सफाई देकर मामले को सुलझाने की कोशिश करेंगे, यह देखने वाली बात होगी। वहीं, भाजपा के इस फैसले से पार्टी के अंदरुनी समीकरणों में भी बदलाव हो सकता है।

error: Content is protected !!