रायपुर, 31 मई 2025: गुडविल हॉस्पिटल, रायपुर के सेमिनार हॉल में आज बाल मधुमेह (टाइप 1 डायबिटीज) से पीड़ित बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से चयनित बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, प्रख्यात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सत्यजीत साहू ने मधुमेह के कारणों, इंसुलिन थैरेपी, आहार प्रबंधन, सिक डे केयर, संक्रमण नियंत्रण और सामाजिक कलंक (सोशल स्टिग्मा) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित शुगर नियंत्रण और उचित देखभाल से इन सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।
कार्यक्रम को मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से सांता क्लॉज़ की वेशभूषा में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के अंत में प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए।

अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें न केवल जानकारी प्रदान करते हैं, बल्कि मानसिक संबल भी देते हैं।
बाल मधुमेह की ब्रांड एम्बेसडर पूजा सोनी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “हमें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और खुद को शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाना चाहिए।”
इस सफल आयोजन में पूजा, विभा, फनेश्वरी, आलिशा, मयंक, अविनाश और आसिफ का विशेष योगदान रहा।
