सरगुजा व अन्य जिलों की गरीब लड़कियों को काम दिलाने के नाम पर रायपुर लाकर कराया जा रहा था अनैतिक धंधा
रायपुर।
थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने शहर के भाठागांव इलाके में संचालित हो रहे एक अनैतिक देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की रहने वाली है, जो कथित रूप से गरीब लड़कियों को काम दिलाने के बहाने रायपुर बुलाकर देह व्यापार में धकेल रही थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला का नाम रूषा खरे (38 वर्ष) पति धनउ खरे, निवासी अंबेडकर नगर, पेंड्रावन, थाना सरसीवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 31 मई 2025 को भाठागांव स्थित इटालिया हाउस में दबिश दी। मौके पर एक किराए के मकान में देह व्यापार संचालित होते पाया गया।
पुलिस टीम ने पांइटर (संदेशवाहक) की मदद से जाल बिछाकर कार्रवाई की। पांइटर के इशारे पर घर में दबिश दी गई, जहां चार लड़कियों के साथ दलाल महिला मिली। तलाशी के दौरान मौके से ₹1500 नगद, दो नए कंडोम, उपयोग किए गए सात कंडोम, और फटे हुए कंडोम के रेपर बरामद किए गए। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि उन्हें अधिक पैसे और नौकरी का झांसा देकर जबरन देह व्यापार में धकेला गया था।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 224/2025, धारा 4, 5, 7 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी रूषा खरे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश देवांगन, निरीक्षक योगेश कश्यप, उपनिरीक्षक शिशुपाल चंद्रवंशी, महिला स्टाफ एवं अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।
रायपुर पुलिस द्वारा लगातार देह व्यापार जैसे अनैतिक कृत्यों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है, जिससे शहर में इस तरह के अपराधों पर प्रभावी रोकथाम की जा सके।
