रायपुर। छत्तीसगढ़ वन विभाग ने सुरक्षा और पारदर्शिता को मजबूत करने बड़ा कदम उठाया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय से जारी आदेश में प्रदेश के सभी वन निरीक्षण कुटीरों और वन विश्राम गृहों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के मुताबिक प्रवेश द्वार, परिसर, पार्किंग और महत्वपूर्ण स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही कैमरों की नियमित निगरानी व रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। विश्राम गृहों में ठहरने वाले व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी और उनका पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।
वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी भी निरीक्षण कुटीर अथवा विश्राम गृह में अनधिकृत प्रवेश, गड़बड़ी या दुरुपयोग पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने इसे गंभीर कदाचार मानते हुए सख्ती से पालन कराने की तैयारी कर ली है।
