पांच साल से फरार चिटफंड कंपनी का डायरेक्टर श्योपुर (म.प्र.) से गिरफ्तार



रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों की धोखाधड़ी का मामला

रायपुर, 01 जून।
चिटफंड घोटाले में पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। फ्यूचर गोल्ड इंडिया बिल्ड लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर पुष्पेन्द्र सिंह राठौर को मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ न्यू राजेन्द्र नगर थाने में वर्ष 2019 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रार्थी जगतुराम निषाद सहित कई अन्य लोगों को अपनी कंपनी में निवेश के लिए प्रेरित किया था। उन्हें 6 वर्षों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लाखों रुपये निवेश कराए गए। बाद में कंपनी के डायरेक्टर निवेशकों की रकम लेकर फरार हो गए।

प्रकरण में धारा 420, 409, 34 भादवि. के साथ-साथ चिटफंड और निवेशकों के हित संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि आरोपी श्योपुर (म.प्र.) में छिपा हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) डी.आर. पोर्ते, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी संजय सिंह और सीएसपी राजेश देवांगन के मार्गदर्शन में निरीक्षक नरेश पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने श्योपुर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

आरोपी पुष्पेन्द्र सिंह राठौर (उम्र 48 वर्ष) श्योपुर के महाराणा प्रताप नगर का निवासी है। उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी था।

इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर, थाना आमानाका के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।


error: Content is protected !!