बसंतपुर पुलिस की रात्रि गश्त में बड़ी कामयाबी, कीमत लगभग 1.30 करोड़
बलरामपुर, 8 जून।
जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के तहत बसंतपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार देर रात की गई गश्त के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश की धनवार सीमा पर एक ट्रक से 15 क्विंटल अवैध डोडा जब्त किया। जब्ती गई डोडा की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, यह ट्रक झारखंड के रांची से राजस्थान की ओर जा रहा था। पूछताछ और तलाशी की भनक लगते ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। बरामद माल को जब्त कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बसंतपुर थाना टीम की सतर्कता और मुस्तैदी से यह कार्रवाई संभव हो सकी। यह सफलता जिले में नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार पर लगाम कसने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
