मैनपाट में तीन दिन का बीजेपी चिंतन, नड्डा-शाह-संतोष देंगे ‘संस्कार’, मोबाइल बंद, वाहन बंद, बस चालू

मैनपाट |
सुनहरी वादियों, ठंडी हवा और राजनीतिक ऊर्जा से भरपूर मैनपाट अब साधना स्थल बन गया है — बीजेपी स्टाइल में! 7 से 9 जुलाई तक मैनपाट में प्रदेश के सभी बीजेपी सांसद, विधायक और मंत्री रहेंगे ‘शिविरबद्ध’। पार्टी ने साफ कहा है — यह पिकनिक नहीं, प्रशिक्षण है!

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों को कड़ा संदेश दिया है — गैरहाजिरी चलेगी नहीं, अनुशासन में रहना जरूरी है। शुरुआत में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंत्र देंगे, फिर संगठन महामंत्री बीएल संतोष संघ-ज्ञान बाँटेंगे और समापन पर अमित शाह राजनीतिक गीता का पाठ कराएंगे।

मुख्यमंत्री सवेरे-सवेरे पहुंचेंगे, देर से उठने वालों की खैर नहीं


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद 7 जुलाई की सुबह-सवेरे पहुंचेंगे। यानी जो अब तक विधानसभा में देर से पहुंचने के आदी थे, वो अलार्म सेट कर लें — क्योंकि यहां “टाइमिंग से मिसिंग” नहीं चलेगा।

निजी वाहन बैन, मंत्री-सांसद अब बस में सफर करेंगे
शिविर में VIP कल्चर पर पूरी तरह ब्रेक है। विधायक और सांसद अपने चमचमाते SUV से शिविर स्थल तक नहीं जा सकेंगे। पार्टी ने बसों का इंतजाम किया है। यानी अब मंत्री भी ‘मिनी बस यात्रा’ का अनुभव करेंगे, और शायद जनता की तकलीफ थोड़ा और समझ सकें!

दो सहयोगी तक की अनुमति, कोई बारात नहीं
हर विधायक-सांसद को दो-तीन सहयोगियों तक सीमित रहने कहा गया है। PSO, निजी सहायक और ड्राइवर — बस इतना ही। मतलब अब ‘टीम भावना’ का असली टेस्ट होगा।

शिविर के बाद फोटो और फुर्सत
अंतिम दिन एक भव्य फोटोशूट भी रखा गया है — नेताओं की स्मृति और प्रचार सामग्री दोनों के लिए। समापन के बाद मैनपाट और आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी नेताओं को मिलेगा, पर हिदायत वही — अनुशासन मत भूलिएगा!

error: Content is protected !!