भाटापारा (बलौदाबाजार)। शनिवार रात भाटापारा शहर के यश एम्यूजमेंट पार्क में उस समय हड़कंप मच गया, जब आकाश झूले में सवार एक महिला झूलते समय अचानक बाहर लटक गई। यह घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ क्षणों के लिए पार्क में मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला झूला झूलते समय सीट से खिसककर बाहर की ओर लटक गई। झूला हवा में घूम रहा था, और महिला का शरीर झूले से आधा बाहर था। थोड़ी सी चूक उसकी जान ले सकती थी। जैसे ही कर्मचारियों ने यह नज़ारा देखा, तुरंत झूला रोका गया। करीब कुछ मिनट तक चली कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
इस दौरान पार्क में मौजूद लोग घटना को देखकर भयभीत हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्पष्ट रूप से महिला को झूले से लटकते और कर्मचारी उसे बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यश एम्यूजमेंट पार्क में सुरक्षा इंतज़ाम बेहद लापरवाह हैं। सीट बेल्ट और लॉक सिस्टम की ठीक से जांच नहीं की जाती, जिससे ऐसे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा भी पार्कों की समय-समय पर सुरक्षा जांच नहीं की जाती।
वीडियो के वायरल होने के बाद नगर और जिले में चर्चा तेज हो गई है। आम नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
फिलहाल महिला पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन यह घटना पार्क प्रबंधन और प्रशासन दोनों के लिए एक चेतावनी है कि सुरक्षा में जरा सी चूक भी किसी की जान ले सकती है।
