Advertisement Carousel

अटलजी की आदमकद प्रतिमा से होगा नई राजधानी का स्वागत – सांसद बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर, 13 अगस्त।
नवा रायपुर के समग्र विकास के लिए सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कई बड़े फैसले लिए। उन्होंने घोषणा की कि नई राजधानी के एंट्री प्वाइंट सेरीखेड़ी में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो राजधानी में आने वाले आगंतुकों का स्वागत करेगी।

सांसद अग्रवाल ने नवा रायपुर में बसाहट बढ़ाने और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने सभी स्कूलों में स्मार्ट क्लास और लैब, स्वास्थ्य केंद्रों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने, भूमि आवंटन प्रक्रिया को सरल बनाने और प्रमुख मार्गों पर लगे निर्माण प्रतिबंध हटाने के निर्देश दिए।

जल संरक्षण को अनिवार्य करते हुए उन्होंने सरकारी और निजी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग लागू करने और टीला जलाशय से पाइपलाइन द्वारा जल आपूर्ति की योजना पर तेजी से काम करने को कहा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जंगल सफारी के पास ‘आइकोनिक टूरिस्ट डेस्टिनेशन’, अटल स्मारक और सेंध लेक को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने की योजना पेश की।

परिवहन विस्तार के तहत तीन नए रेलवे स्टेशन जून 2026 तक पूर्ण करने और 45 इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा के लिए ब्रेकर लगाने, चौक-चौराहों की ऊंचाई कम करने और स्ट्रीट लाइटिंग बढ़ाने की बात कही।

बैठक में विधायक इंद्र कुमार साहू, विधायक गुरु खुशवंत साहू समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!