भंडारपुरी/आरंग/रायपुर। सतनामी समाज की आस्था के केंद्र भंडारपुरी धाम में अब गुरुद्वारा (मोतीमहल) का भव्य निर्माण होगा। छत्तीसगढ़ शासन ने इसके लिए ₹17 करोड़ 11 लाख 22 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह निर्णय सतनामी समाज के गुरु एवं आरंग विधायक, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के लगातार प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने आरंग में आयोजित एक कार्यक्रम में इस निर्माण की घोषणा की थी।
सतनामी समाज की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम और कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार जताया गया है।
भाजपा सरकार का कहना है कि यह कदम न केवल अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान की दिशा में अहम है, बल्कि भंडारपुरी धाम को आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता के नए स्वरूप में स्थापित करेगा।
गुरुद्वारा (मोतीमहल) बनने से भंडारपुरी धाम को भव्य और दिव्य स्वरूप मिलेगा तथा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
