बलरामपुर में आंगनबाड़ी नियुक्ति घोटाला
रिपोर्टर – राकेश कन्नौजिया
बलरामपुर/शंकरगढ़।
जिले में आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति में फर्जीवाड़ा अब बड़ा घोटाला बनकर सामने आया है। कलेक्टर के निर्देश पर हुई गहन जांच में खुलासा हुआ कि शंकरगढ़ विकासखंड के कई क्षेत्रों में 8वीं कक्षा की फर्जी अंकसूची के आधार पर नियुक्तियां की गई थीं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजीजी पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल आबिद अंसारी, स्कूल के मुख्य नियंत्रक, बीएमओ कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन को जेल भेज दिया गया है, जबकि प्रिंसिपल आबिद अंसारी को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
इससे पहले भी चार फर्जी सहायिकाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिन्होंने फर्जी प्रमाणपत्रों के दम पर आंगनबाड़ी की नौकरी हथिया ली थी।
इस पूरे मामले से शिक्षा और स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई है। पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है— रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
आम जनता ने पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का स्वागत किया है।
