राजनांदगांव।
छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों में एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।
गढ़चिरौली पुलिस के अनुसार, गट्टा दलम, कंपनी नंबर 10 और गढ़चिरौली डिवीजन के अन्य माओवादी कोपरशी वन क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मिशन) एम. रमेश के नेतृत्व में सी-60 की 19 टीमें और सीआरपीएफ की क्यूएटी की दो टीमें जंगल की ओर रवाना की गईं।
जब सुरक्षाबल घने जंगल और भारी बारिश के बीच तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी नक्सलियों ने पुलिस दल पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। यह मुठभेड़ करीब आठ घंटे तक चली। इसके बाद तलाशी में चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए।
घटनास्थल से पुलिस ने एक एसएलआर राइफल, दो इंसास राइफल और एक .303 राइफल भी जब्त की है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में अभी भी तलाशी अभियान जारी रखा है।
