Advertisement Carousel

बाढ़ग्रस्त बस्तर में वायुसेना का रेस्क्यू ऑपरेशन: महिलाओं और बच्चे समेत 6 ग्रामीण सुरक्षित


रायपुर
बस्तर में आई भीषण बाढ़ के बीच भारतीय वायुसेना ने मंगलवार को एक साहसिक अभियान चलाकर छह ग्रामीणों की जान बचाई। इनमें महिलाएँ और एक बच्चा भी शामिल थे।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार भारी बारिश के चलते इंद्रावती नदी उफान पर है। इससे मंदार गांव और आसपास के इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए। पानी का स्तर अचानक बढ़ने से कई ग्रामीण घरों की छतों पर फँस गए। स्थिति बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने वायुसेना से मदद मांगी।

अनुकूल मौसम न होने के बावजूद, वायुसेना का Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर जगदलपुर एयरफील्ड से उड़ान भरकर मौके पर पहुँचा। हवाई तलाशी में ग्रामीण छतों पर फँसे नज़र आए, जिनके चारों ओर तेज बहाव और ऊँचे पेड़ थे। हेलीकॉप्टर को उतारना संभव न होने पर गरुड़ कमांडो को रस्सी के सहारे नीचे उतारा गया। उन्होंने साहसिक तरीके से एक-एक कर सभी ग्रामीणों को सुरक्षित हेलीकॉप्टर तक पहुँचाया।

करीब आधे घंटे चले इस रेस्क्यू अभियान में सभी छह ग्रामीणों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। वायुसेना की इस त्वरित और जोखिमभरी कार्रवाई की स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने जमकर सराहना की।


error: Content is protected !!