कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम महुआडीह में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब मुख्यमंत्री सुरक्षा ड्यूटी में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) का जवान अपनी सर्विस रायफल से बेकाबू हो गया और ससुराल पक्ष के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार आरोपी जवान का नाम शेषराम बिंझवार है, जिसकी पोस्टिंग मढ़वारानी स्थित 13वीं बटालियन में थी। बताया जाता है कि उसका ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने महुआडीह गांव में पहुंचकर सबसे पहले अपने चाचा ससुर की 19 वर्षीय बेटी मंदासा पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर किया। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने चाचा ससुर राजेश बिंझवार पर भी रायफल से गोलियां बरसाईं, जिससे उनकी भी घटनास्थल पर मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
वारदात की जानकारी मिलते ही हरदीबाजार थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने मंत्रिमंडल के साथ कोरबा में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने पहुंचे हुए थे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जवान का इस तरह वारदात को अंजाम देना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
