कबीरधाम। पुलिस ने सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग के काले कारोबार का पर्दाफाश करते हुए महिला सूदखोर अमीना ताज और उसके सहयोगी राकेश साहू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, अमीना जरूरतमंदों को रकम देकर कई गुना ब्याज वसूलती थी। एक पीड़ित ने 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन उस पर करीब छह लाख रुपये वसूल लिए गए। इतना ही नहीं, अमीना ताज ब्लैंक चेक रखकर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी और खुद को पुलिस में ऊंची पहुंच वाला बताकर दबाव बनाती थी।
उसका सहयोगी राकेश साहू घर-घर जाकर जबरन वसूली करता और मारपीट कर आतंक फैलाता था। हाल ही में अमीना का धमकी भरा ऑडियो वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। आरोपियों के घर और कार्यालय से ब्लैंक चेक, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जांच के दौरान अन्य चार पीड़ितों की शिकायतें भी सामने आई हैं। कार्रवाई एसपी धर्मेन्द्र सिंह और एएसपी पुष्पेन्द्र बघेल के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस टीम ने की। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध सूदखोरों से कर्ज लेने से बचें और केवल अधिकृत बैंक या सहकारी संस्थाओं से ही ऋण लें।
