Advertisement Carousel

रायपुर में करोड़ों का अवैध पेट्रोल-डीजल जब्त, 9 आरोपी गिरफ्तार – संचालक फरार


रायपुर। विधानसभा थाना क्षेत्र के रिंग रोड नंबर-03 पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित पेट्रोल-डीजल के दो भंडारगृहों पर छापा मारा। कार्रवाई में कुल 46,800 लीटर पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 44 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों जगहों से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि यार्ड संचालक फरार हो गए हैं।


जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि टेकारी चौक और पिरदा चौक स्थित यार्डों में भारी मात्रा में डीजल-पेट्रोल का अवैध भंडारण कर बिक्री की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर और थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा।
टेकारी चौक यार्ड से रवि यादव, नीरज नेताम, शेख कलीमुद्दीन, शैलेन्द्र उर्फ बिहारी और राज पटेल को गिरफ्तार किया गया। यहां से 31,000 लीटर डीजल और 15,300 लीटर पेट्रोल जब्त हुआ। घटना में प्रयुक्त तीन टैंकर वाहन, ड्रम, पाईप व उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए।


पिरदा चौक यार्ड से अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित सरोज को पकड़ा गया। यहां से 1,500 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। एक टैंकर, चाड़ी और पाईप भी जप्त किए गए।


पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 492/25 और 493/25 दर्ज कर आरोपियों पर धारा 287 बीएनएस एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। वहीं फरार यार्ड संचालकों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

error: Content is protected !!