बीजापुर। दीपावली के दूसरे दिन जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम पंचायत पादेडा के हिरोलीपारा में मंगलवार दोपहर नहाने गए तीन मासूम बच्चे तालाब में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मनिता हपका (6 वर्ष), नवीन हपका (4 वर्ष) और दिनेश कोरसा (5 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे तालाब में नहा रहे थे तभी अचानक गहराई में चले गए और डूबने लगे। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। दीपावली जैसे खुशियों के पर्व पर यह दुखद घटना पूरे इलाके के लिए गहरी पीड़ा बन गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल की बारिश से तालाब का जलस्तर बढ़ गया था। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चे अकेले किसी भी जलस्रोत के पास न जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की कोई त्रासदी न हो।
