Advertisement Carousel

आईजी रतनलाल डांगी और एसआई की पत्नी आमने-सामने — पहले डांगी ने लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप, फिर महिला ने किया यौन उत्पीड़न का दावा



रायपुर।
छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में एक बार फिर वर्दी पर दाग लग गया है। 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी और रायपुर रेंज के आईजी रतनलाल डांगी पर एक सब इंस्पेक्टर की पत्नी ने यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है।
इधर, महिला की शिकायत से पहले ही आईजी डांगी ने डीजीपी से शिकायत कर खुद को ब्लैकमेलिंग का शिकार बताया था।
दोनों ओर से लगे आरोपों के बाद अब पूरा पुलिस महकमा सकते में है।


पहले आईजी ने लगाई ब्लैकमेलिंग की शिकायत


मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आईजी डांगी ने हाल ही में डीजीपी को लिखित शिकायत दी थी, जिसमें उन्होंने दावा किया कि एक महिला उन्हें ब्लैकमेल कर झूठे केस में फंसाने की कोशिश कर रही है। आईजी ने इस शिकायत में कुछ चैट्स और कॉल रिकॉर्ड्स का भी हवाला दिया है।
इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को संवेदनशील मानते हुए प्रारंभिक जांच शुरू की है।


महिला का पलटवार — लगाया सात साल से उत्पीड़न का आरोप


डांगी की शिकायत के कुछ दिनों बाद ही 15 अक्टूबर को एसआई की पत्नी ने वरिष्ठ अधिकारियों से लिखित शिकायत करते हुए यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह साल 2017 में कोरबा एसपी रहते हुए डांगी के संपर्क में आई थीं। शुरुआती दौर में दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होती थी।
बाद में, जब वह दंतेवाड़ा में पदस्थ थीं, तो वीडियो कॉल के जरिये डांगी को योगा सिखाया करती थीं। महिला ने आरोप लगाया कि डांगी ने व्यक्तिगत संबंध बनाने का दबाव बनाया और लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।


विभाग में मचा हड़कंप


एक ओर महिला ने अपने पक्ष में डिजिटल सबूत (चैट्स और कॉल रिकॉर्डिंग) प्रस्तुत करने की बात कही है, वहीं दूसरी ओर आईजी डांगी ने भी अपने बचाव में कई साक्ष्य डीजीपी को सौंपे हैं।
दोनों ओर से गंभीर आरोप लगने के बाद अब पुलिस मुख्यालय में गोपनीय जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है।


हालांकि, अब तक आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं हुआ है।

error: Content is protected !!