रायपुर, 11 नवम्बर 2025
राजधानी रायपुर से जुड़े आरंग थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड खाद्य अधिकारी के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी संजय दुबे खाद्य विभाग में असिस्टेंट फूड ऑफिसर के पद पर रहे हैं और विभाग में अपनी सेवा अवधि के दौरान कई बार विवादों में घिरे रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, 26 वर्षीय युवती ने आरंग थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी संजय दुबे कई वर्षों से उसकी पढ़ाई-लिखाई और आर्थिक मदद करते आ रहे थे। युवती ने बताया कि दुबे ने उसे नगद राशि के अलावा एक दोपहिया वाहन भी खरीदकर दिया था। धीरे-धीरे आरोपी ने भरोसे का दुरुपयोग करते हुए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और जब उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोपी के साथ हुई सोशल मीडिया चैट की फोटोकॉपी भी सबूत के रूप में प्रस्तुत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में टीम गठित की गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजय दुबे खाद्य विभाग में कार्यरत रहने के दौरान कई बार विवादों में रहे हैं। उन पर पहले भी विभागीय जांच की कार्रवाई हो चुकी है। बताया जा रहा है कि दुबे को दो बार जेल भी जाना पड़ा था। करीब दो वर्ष पूर्व वे सेवानिवृत्त हुए हैं।
आरंग थाना प्रभारी ने बताया कि “पीड़िता की शिकायत पर बलात्कार और धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच के बाद बयान दर्ज कराए जा रहे हैं, और आरोपी की तलाश जारी है।”
यह मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग के अफसरों और कर्मचारियों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। विभागीय इतिहास में यह एक और ऐसा मामला है, जिसमें सेवानिवृत्त अधिकारी पर गंभीर आपराधिक आरोप लगे हैं।
