Advertisement Carousel

भारत–साउथ अफ्रीका वनडे से पहले रायपुर में क्रिकेट का महाज्वर, दोनों टीमें प्रैक्टिस करेंगी आज


दोनों टीमें आज प्रैक्टिस करेंगी, रोहित–विराट की झलक के लिए स्टेडियम के बाहर भारी भीड़; सुरक्षा हाई अलर्ट पर, पीएम ड्यूटी में लगे दो हजार पुलिसकर्मी स्टेडियम क्षेत्र में प्रवेश से रोके गए


रायपुर। भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मुकाबले से एक दिन पहले राजधानी रायपुर पूरी तरह क्रिकेट के रंग में रंग चुका है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज दोनों टीमों का अभ्यास सत्र निर्धारित है।

प्रैक्टिस से पहले ही स्टेडियम के बाहर दर्शकों की अभूतपूर्व भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शकों का उत्साह इतना अधिक था कि कई लोगों ने खिलाड़ियों की झलक पाने बैरिकेड के पास धक्का-मुक्की तक की। पुलिस बल को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रैक्टिस के समय साउथ अफ्रीका टीम दोपहर 1:30 बजे नेट पर उतरेगी, जबकि टीम इंडिया शाम 5:30 बजे अभ्यास करेगी। जैसे ही टीम इंडिया के स्टेडियम पहुँचने की जानकारी फैली, जगह-जगह से लोग खिलाड़ियों को देखने स्टेडियम के बाहर जमा होने लगे। कई दर्शकों ने ऊंचाई वाले वाहनों, छतों और गाड़ियों के बोनट पर चढ़कर भी खिलाड़ियों को देखने की कोशिश की।


सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रधानमंत्री की रायपुर यात्रा के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल और बड़े मैच की भीड़ को देखते हुए महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में शामिल लगभग दो हजार पुलिसकर्मियों को स्टेडियम और आसपास के जोन में प्रवेश नहीं दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि केवल ड्यूटी-चार्ट में दर्ज सुरक्षा बल ही स्टेडियम की सीमा में प्रवेश कर सकेंगे। सुरक्षा वजहों से रोके गए पुलिसकर्मी रिज़र्व लाइन में तैनात रखे गए हैं।


टिकटों को लेकर स्थिति और तेज हो गई है। टिकट काउंटर खुलने से पहले ही लंबी लाइनें लग गई थीं। तीन हजार से साढ़े पांच हजार रुपए वाले टिकटों की सबसे अधिक मांग रही। कई लोगों ने आरोप लगाया कि काउंटर पर टिकट उपलब्ध होते हुए भी उन्हें “खत्म” बताया गया, जबकि बाहर ब्लैक मार्केटिंग में टिकट दोगुने-तिगुने दाम पर बेचे जा रहे हैं। पुलिस ने टिकट की कालाबाज़ारी रोकने साइबर टीम और सादी वर्दी में कर्मियों की ड्यूटी लगाई है।


ट्रैफिक विभाग ने आज रात से स्टेडियम और उससे जुड़े मार्गों पर विशेष योजना लागू की है। मैच के दिन बिना टिकट और पास वाले वाहनों को स्टेडियम रोड में प्रवेश नहीं मिलेगा। भीड़ नियंत्रण के लिए कई रूटों पर डायवर्जन किया जाएगा।
क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का स्तर IPL फाइनल जैसा नजर आ रहा है। शहर के होटलों और टैक्सी सेवाओं की मांग चरम पर है। रायपुर सहित भाटापारा, बिलासपुर, महासमुंद, धमतरी और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे हैं। दर्शकों की उम्मीदें साफ हैं — रोहित शर्मा और विराट कोहली से धमाकेदार प्रदर्शन और टीम इंडिया की निर्णायक जीत।


कल होने वाले मुकाबले पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं। मौसम साफ रहने की संभावना है और विशेषज्ञों के मुताबिक टॉस मैच में अहम भूमिका निभाएगा। भारतीय शीर्ष क्रम चल गया तो साउथ अफ्रीका के लिए चुनौती बेहद कठिन साबित हो सकती है।


रायपुर इस समय क्रिकेटी जुनून, सुरक्षा अलर्ट और रिकॉर्ड भीड़ के बीच ऐतिहासिक वनडे मुकाबले का इंतजार कर रहा है।

सुरक्षा इतिहास में पहला ऐसा फैसला — PM सुरक्षा वाले पुलिसकर्मी भी रोक दिए गए


मैच से पहले सुरक्षा-व्यवस्था का दबाव इस कदर है कि प्रधानमंत्री की रायपुर विज़िट में ड्यूटी कर चुके करीब 2,000 पुलिसकर्मियों को स्टेडियम और आसपास के सर्कल में प्रवेश नहीं दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!