बीजापुर। जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की बर्बर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी और दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने पहले ठेकेदार के मुंशी को अगवा किया था। मुंशी को छुड़ाने पहुंचे ठेकेदार को नक्सलियों ने पकड़कर गला काट दिया और शव को जंगल में फेंक दिया।
मृत ठेकेदार की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी इम्तियाज अली के रूप में हुई है, जो पिछले लंबे समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई इलाके में रहकर सड़क निर्माण कार्य में संलग्न था। बताया जा रहा है कि इम्तियाज निर्माण कार्य की निगरानी के लिए अक्सर बीजापुर और धौड़ाई के बीच आता-जाता था।
घटना की पुष्टि बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने की है। पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है और आसपास के जंगलों में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है। नक्सली गतिविधियों के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती भी की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार हाल ही में सड़क निर्माण को लेकर नक्सलियों की ओर से धमकियां दी गई थीं, जिसके बाद यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया है। घटना के बाद मजदूरों और निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों में दहशत व्याप्त है।
पुलिस ने कहा है कि मुंशी की तलाश जारी है और नक्सलियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
