धमतरी।
धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र अंतर्गत उत्तर सिंगपुर वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक-23, कोरगांव-कनडबरा जंगल में एक वर्षीय तेंदुए के अवैध शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विभाग ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर तेंदुए के कटे हुए पंजे, नाखून तथा शिकार में प्रयुक्त हथियार बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार स्थानीय चरवाहे की सूचना पर वन विभाग को पहले तेंदुए के कुएं में गिरने की खबर मिली थी। जब वन अमला मौके पर पहुंचा तो कुएं में शव नहीं मिला, बल्कि कुछ दूरी पर जंगल में तेंदुए का मृत शरीर पाया गया। जांच के दौरान तेंदुए के चारों पैरों के पंजे और नाखून कटे होने से अवैध शिकार की पुष्टि हुई।
इसके बाद वन विभाग ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की, जिसमें मुख्य आरोपी गोवर्धन पटेल का नाम सामने आया। आरोपी के घर से तेंदुए के नाखून पैरा में छुपाकर रखे गए थे, जिन्हें जप्त किया गया। साथ ही पंजे और उन्हें काटने में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
इस मामले में तीन अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की आशंका के चलते उनसे भी पूछताछ जारी है। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 14907/02 में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्य जीवों के अवैध शिकार के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
