Advertisement Carousel

बिहार से दंतेवाड़ा पुलिस के हत्थे चढ़े साइबर ठग, 50 लाख की ठगी करने वाले 2 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार


दंतेवाड़ा |
सायबर ठगी के मामलों पर कड़ा प्रहार करते हुए दंतेवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “पार्सल में विदेशी मुद्रा” होने का झांसा देकर किरंदुल निवासी एक व्यक्ति से करीब 50 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय साइबर ठगों को पुलिस ने बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से गिरफ्तार किया है।


यह कार्रवाई फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और आधुनिक साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से की गई, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।


विदेशी मुद्रा और कस्टम चार्ज का दिया था झांसा
मामला वर्ष 2023 का है। किरंदुल निवासी प्रार्थी को ठगों ने फोन कर बताया कि उसके नाम से एक पार्सल आया है, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा है। पार्सल छुड़ाने के लिए आरोपियों ने कस्टम चार्ज, सीबीआई क्लीयरेंस और इनकम टैक्स के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम जमा करने को कहा।


झांसे में आकर प्रार्थी ने करीब एक माह की अवधि में 50 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाना किरंदुल में शिकायत दर्ज कराई।


मामला दर्ज, पूछताछ जारी
पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 87/2023 के तहत धारा 420 भादवि एवं 66(D) आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य भी सक्रिय हो सकते हैं।


दंतेवाड़ा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अज्ञात कॉल, विदेशी पार्सल, कस्टम या टैक्स के नाम पर मांगी जाने वाली रकम से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल की तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

error: Content is protected !!