अंबिकापुर।
उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवापारा में होटल का नाश्ता एक परिवार के लिए जानलेवा साबित होते-होते बच गया। होटल का समोसा खाने के बाद 4 महिलाएं, 2 पुरुष और एक बालिका अचानक उल्टी-दस्त से पीड़ित हो गए। हालत बिगड़ने पर सभी को तत्काल उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार तातापानी महोत्सव देखकर लौट रहा था, इसी दौरान होटल में नाश्ता किया। कुछ ही देर में सभी की तबीयत बिगड़ गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
डॉक्टरों की तत्परता से समय रहते उपचार किया गया, जिसके बाद सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा होटल के खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।
