गरियाबंद जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सर्चिंग अभियान पर निकले सीआरपीएफ 65वीं बटालियन के एक जवान की सड़क हादसे में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवान आमामोरा ओढ़ क्षेत्र में आज सुबह सर्चिंग अभियान के लिए निकले थे। अभियान पूरा कर लौटते समय उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे वे गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद अन्य जवानों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू कर घायल जवान को खाई से बाहर निकाला और जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। जवान की असामयिक मौत से सुरक्षा बलों और पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
