छत्तीसगढ़ में साई का रीजनल सेंटर, नेशनल सेंटर ऑफ एक्सिलेंस तथा रायपुर में टेनिस की खेलो इंडिया एक्सिलेंस सेंटर स्वीकृत करने का किया अनुरोध
लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के क्षेत्रीय केन्द्र एवं खेलो इंडिया एक्सिलेंस सेंटर बिलासपुर में 2 अतिरिक्त खेलों की स्वीकृति का भी किया आग्रह
रायपुर, 28 जनवरी 2026। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात कर राज्य में खेल प्रशिक्षण एवं अधोसंरचना को मजबूत करने राज्य शासन के प्रस्तावों को मंजूरी देने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खेलो इंडिया योजनांतर्गत कुल 23 अधोसंरचना परियोजनाओं के प्रस्ताव मंत्रालय को भेजे गए हैं और इनकी शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया।
अरुण साव ने भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र, नेशनल सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (NCOE), लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान ग्वालियर के क्षेत्रीय केंद्र, खेलो इंडिया एक्सिलेंस सेंटर बिलासपुर में दो अतिरिक्त खेलों की स्वीकृति तथा रायपुर में टेनिस के लिए खेलो इंडिया एक्सिलेंस सेंटर स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभा की भरपूर संभावनाएं हैं, लेकिन वर्तमान कोचिंग एवं खेल विज्ञान अधोसंरचना राष्ट्रीय मानकों से नीचे होने के कारण खिलाड़ियों के विकास के अवसर सीमित हैं। राज्य सरकार आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान एवं उनका समुचित विकास करना चाहती है।
राज्य शासन ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए उच्च स्तरीय एथलीट तैयार करने के लिए भी प्रयासरत है। इन संस्थानों के माध्यम से राज्य के खिलाड़ी एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, क्याकिंग-कैनोइंग, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
