85 लाख करोड़ की 3,300 से अधिक परियोजनाओं को मिली गति
छत्तीसगढ़ में 99 राष्ट्रीय परियोजनाओं में 6.11 लाख करोड़ का निवेश
प्रगति पोर्टल पर राज्य के 200 में से 183 मुद्दों का समाधान
रायपुर, 29 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति डिजिटल प्लेटफॉर्म नए भारत की नई कार्य संस्कृति का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है। यह प्लेटफॉर्म मिनिमम गवर्नमेंट-मैक्सिमम गवर्नेंस की अवधारणा को व्यवहार में साकार कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने न्यू सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि प्रगति पोर्टल के माध्यम से देशभर में अब तक 85 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली 3,300 से अधिक परियोजनाओं को गति मिली है। इसके साथ ही 61 केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 99 राष्ट्रीय अवसंरचना परियोजनाएँ संचालित हैं, जिनमें 6.11 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इनमें से 50 परियोजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष पर कार्य जारी है। प्रगति पोर्टल पर राज्य से जुड़े 200 मुद्दों में से 183 का समाधान किया गया है, जिससे समाधान दर 91 प्रतिशत से अधिक रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, सड़क परिवहन, रेलवे, कोयला और इस्पात जैसे प्रमुख क्षेत्रों में लंबित परियोजनाओं की समस्याओं का समाधान किया गया है। भिलाई स्टील प्लांट के आधुनिकीकरण और लारा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट जैसी वर्षों से अटकी परियोजनाओं को भी प्रगति प्लेटफॉर्म के जरिए गति मिली है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रगति प्लेटफॉर्म केवल निगरानी नहीं, बल्कि जवाबदेही, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। यह केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय को मजबूत करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है।
