Advertisement Carousel

शहरभर में पुलिस का सघन अभियान, दो फरार वारंटी गिरफ्तार, 23 संदिग्धों पर कार्रवाई, चाकू और तलवार बरामद


रायपुर। शहर में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर 28 जनवरी की शाम से विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान संचालित किया गया।


अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) श्री तारकेश्वर पटेल के नेतृत्व में थाना गंज और थाना कोतवाली क्षेत्रों में शराब भट्ठियों, अहातों, सुनसान मैदानों और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। थाना गंज क्षेत्र के चुना भट्टी रेलवे स्टेशन, प्रभात टॉकीज के पीछे गंजपारा, शराब ठेकों के आसपास तथा थाना कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर, चारनाला चौक, टैगोर नगर चौक और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष चेकिंग की गई।


अभियान के दौरान दो फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें हरीश टांडी, निवासी थाना कोतवाली क्षेत्र, जो आर्म्स एक्ट के प्रकरण में स्थायी वारंटी था तथा पूर्व में मारपीट, बलवा, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है, तथा करण साहू, जो आर्म्स एक्ट के एक अन्य प्रकरण में फरार वारंटी था, शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।


वहीं थाना गंज क्षेत्र के चुना भट्टी, शीतला मंदिर के पीछे और अंडरब्रिज के आसपास रेड कर नशा करने वाले तत्वों को खदेड़ा गया और उन्हें उनके मोहल्लों में लाकर कड़ी समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि असामाजिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इधर, 28-29 जनवरी की दरम्यानी रात थाना सिविल लाइन क्षेत्र के राजा तालाब, श्याम नगर और ताज नगर इलाकों में सघन रात्रि गश्त के दौरान 23 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3 चाकू और 1 तलवार बरामद की गई। सभी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अधिकारियों को रात्रि गश्त और चेकिंग और अधिक सख्त करने के निर्देश दिए हैं। रायपुर पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

error: Content is protected !!