रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि विकास को नई दिशा देने के लिए वैज्ञानिकों, किसानों और केंद्र–राज्य अधिकारियों की संयुक्त टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम स्थानीय कृषि जलवायु के अनुसार फसल विविधता बढ़ाने और उत्पादकता सुधारने की रणनीति तैयार करेगी। उन्होंने बताया कि एकीकृत कृषि प्रणाली और छोटे किसानों की आय बढ़ाने के लिए विविध कार्यक्रम लागू किए जाएंगे।
राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक और पत्रकार वार्ता में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि और ग्रामीण विकास के हर क्षेत्र में सक्रिय है। उन्होंने खपरी में किसानों से संवाद कर आधुनिक कृषि तकनीकों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी उपस्थित रहे।
मंत्री ने बताया कि फल-सब्जी की उन्नत खेती, ग्राफ्टिंग नर्सरी, भाटा पद्धति से टमाटर व शिमला मिर्च उत्पादन, ड्रैगन फ्रूट, खजूर, ब्लूबेरी और केला जैसी फसलों से किसानों की आमदनी में बड़ा इजाफा संभव है। जहां पारंपरिक खेती से प्रति एकड़ 35–40 हजार रुपये की आय होती है, वहीं आधुनिक तकनीक से यह 1–2 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
उन्होंने कहा कि खाली खेतों में दलहन उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा और मसूर, उड़द, मूंग, अरहर सहित सभी दलहनों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित होगी। साथ ही मूंगफली, सरसों और पाम ऑयल जैसी तिलहन फसलों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
एकीकृत कृषि प्रणाली के तहत पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी, औद्योगिक फसलें और जैविक खेती को जोड़ा जाएगा, जिससे छोटे और सीमांत किसानों को बहुआयामी आय स्रोत मिल सकेंगे।
ग्रामीण विकास की उपलब्धियां साझा करते हुए मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिछले डेढ़ वर्षों में 18,12,742 घर स्वीकृत और वितरित किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 47,847 किलोमीटर लंबी 10,199 सड़कें और 123 बड़े पुल बनाए गए हैं।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत 2,76,000 स्वयं सहायता समूहों में 30,68,000 महिलाएं जुड़ी हैं, जिनमें से 4,32,000 महिलाएं लघु उद्योगों में सक्रिय हैं। महिलाओं को 1,119 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास के हर पहलू पर कार्य कर रही हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में किसानों, गरीब परिवारों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सभी योजनाएं तेज़ी से लागू की जा रही हैं।
