राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में थाना बसंतपुर की टीम ने होटल गोल्डन, मोहारा बाईपास में चल रहे अवैध हुक्का कारोबार का पर्दाफाश किया।
मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में होटल संचालक सहित 11 लोग मौके पर हुक्का पीते और पिलाते हुए पकड़े गए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल संचालक जोगू गुप्ता आम लोगों को अवैध रूप से हुक्का परोस रहे हैं। छापेमारी के दौरान होटल में मौजूद ग्राहक और संचालक हुक्का के कश लगाते पाए गए। मौके पर कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने Cigarettes and Other Tobacco Products Act (COTPA), 2003 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
अपराध क्रमांक 00/2026 के तहत यह FIR देहाती नल्सी थाना बसंतपुर में दर्ज की गई। होटल संचालक जोगू गुप्ता को धारा 94 BNSS के तहत नोटिस जारी कर वैध दस्तावेज पेश करने को कहा गया, लेकिन कोई दस्तावेज पेश नहीं किया गया। सभी आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया, हालांकि सक्षम जमानतदार पेश होने पर उन्हें जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया।
छत्तीसगढ़ सरकार ने COTPA 2003 में संशोधन कर हुक्का बार संचालित करने पर सख्त प्रतिबंध लगाया है। राज्य में हुक्का बार या हुक्का परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि यह सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंध (Section 4) और तंबाकू उत्पादों के विनियमन का उल्लंघन करता है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
