किसानों को होली से पहले ₹10,000 करोड़ की राहत, कैबिनेट ने लिए कई अहम फैसले


रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। राज्य सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त देने का निर्णय लिया है।


खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में प्रदेश के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के तहत धान मूल्य के अंतर के रूप में लगभग ₹10,000 करोड़ का भुगतान होली से पहले किया जाएगा।


मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा के अष्टम् सत्र (फरवरी–मार्च 2026) हेतु माननीय राज्यपाल के अभिभाषण को भी मंजूरी दी। साथ ही विधानसभा में प्रस्तुत किए जाने वाले बजट अनुमान वर्ष 2026–27 के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक–2026 के प्रारूप को स्वीकृति प्रदान की गई।


उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से कर रही है, जो देश में सर्वाधिक है। बीते दो वर्षों में किसानों को इस योजना के तहत ₹25,000 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष के भुगतान के बाद यह राशि बढ़कर ₹35,000 करोड़ हो जाएगी।

error: Content is protected !!